केरल के कन्नूर में बिजली मंत्री सनी जोसेफ के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद KSEB के सब-इंजीनियर पीवी सतीश बाबू के खिलाफ कार्रवाई की गई. कार्यक्रम में कन्नूर के विधायक टीओ मोहनन भी मौजूद थे.
यह कार्यक्रम ‘केरलम कोऑपरेटिव रिस्क फंड’ योजना से जुड़े आयोजन के तहत किया गया था. मंत्री के पहुंचने के बाद बिजली चली गई. आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं होने पर कुछ समय तक इंतजार किया गया और बाद में जनरेटर की मदद से कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विधायक ने KSEB में शिकायत देकर कन्नूर जिले में सरकारी कार्यक्रमों के दौरान बार-बार बिजली बाधित होने की जांच की मांग की थी. KSEB अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रखरखाव कार्य के लिए बिजली आपूर्ति काटी गई थी.
कार्रवाई का आदेश कन्नूर के कार्यकारी अभियंता ने दिया. सतीश बाबू ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी और लाइन में रखरखाव के कारण सप्लाई बंद की गई थी. KSEB ने मामले की विस्तृत जांच कर जल्द ही उप मुख्य अभियंता को रिपोर्ट सौंपने का फैसला किया है.
