केरल के कन्नूर जिले में शुक्रवार दोपहर अचानक चली तेज हवाओं ने एक स्कूल की बड़ी धातु की छत उखाड़ दी. छत उड़कर स्कूल के पीछे स्थित एक इमारत पर जा गिरी, जिससे वहां खड़ी तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना का वीडियो भी सामने आया है.

यह हादसा उलीक्कल के वायथुर यूपी स्कूल में करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ. स्कूल प्रबंधन के अनुसार, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई और कुछ ही मिनटों में इलाके में नुकसान शुरू हो गया. हवाओं का यह दौर करीब 15 मिनट तक रहा.

छत का arch-shaped ढांचा लगभग 15 साल पुराना बताया गया है. स्कूल प्रबंधन ने कहा कि अगर कुछ मिनट पहले बच्चे उस जगह पर खेल रहे होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि, घटना में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है.

गिरी हुई छत के नीचे फंसी कारों को बाद में हटाया गया. उलीक्कल, इरिट्टी और कन्नूर के अन्य पहाड़ी इलाकों में भी तेज हवाओं से नुकसान की खबर है. स्कूल भवन और वाहनों को हुए नुकसान का अनुमान कई लाख रुपये लगाया गया है.