केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) ने भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत से बिना शर्त माफी मांगी है. यह माफी केरल कांग्रेस के आधिकारिक X अकाउंट पर प्रकाशित एक विवादित पोस्ट को लेकर मांगी गई. KPCC अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कानूनी नोटिस के जवाब में माफी दी.
केरल कांग्रेस ने 19 अक्टूबर को X पर पोस्ट किया था. इसमें कहा गया था कि अगर कानून-व्यवस्था संभालना मुख्य न्यायाधीश के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए और उनकी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को लाया जाएगा, जो इसे संभाल सके. पोस्ट को कुछ घंटे बाद हटा दिया गया था.
पोस्ट पर कांग्रेस और भाजपा की प्रतिक्रिया
पोस्ट हटाए जाने के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा था कि इसे प्रकाशित करने वाले व्यक्ति के रुख से पार्टी पूरी तरह असहमत है. उन्होंने कहा था कि यह गलत है और कांग्रेस को देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. खेड़ा ने सर्वोच्च न्यायालय के सम्मान की बात भी कही थी.
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस पर न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया था.
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने भी पोस्ट की निंदा की थी. एसोसिएशन के अनुसार, ऐसी टिप्पणियां न्यायपालिका की गरिमा को कम करती हैं और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप के समान हैं. उसने लोगों से सुप्रीम कोर्ट की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की अपील की थी.
विपक्षी नेताओं से मुलाकात का मामला
रिपोर्ट के अनुसार, CJI सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात की मांग ठुकरा दी थी. विपक्षी नेता SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे. CJI ने कहा था कि मामला पहले से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए नेताओं को याचिका दायर कर अदालत का रुख करना चाहिए.
