केरल कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल से भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को लेकर की गई पोस्ट पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. पोस्ट में CJI से इस्तीफा देने को कहा गया था और यह टिप्पणी उनके उस बयान के संदर्भ में थी, जिसमें उन्होंने दिल्ली में हालिया प्रदर्शनों से जुड़े सवाल पर कहा था कि कानून-व्यवस्था उनके अधिकार क्षेत्र का विषय नहीं है.

विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस की राज्य इकाई ने पोस्ट हटाई और इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की. राज्य कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने मामले की परिस्थितियों की जांच के संकेत दिए हैं.

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के बाद अब कांग्रेस न्यायपालिका को निशाना बना रही है. रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना चाहती है.

BJP नेताओं तेजस्वी सूर्या और सुधांशु त्रिवेदी ने भी पोस्ट की आलोचना की. उन्होंने इसे न्यायपालिका पर दबाव बनाने और संवैधानिक मर्यादा के खिलाफ बताया. कांग्रेस की ओर से पोस्ट हटाए जाने के बाद भी उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर प्रसारित होता रहा.