केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के नए अध्यक्ष को लेकर पार्टी के भीतर गुटीय संघर्ष तेज हो गया है. विवाद के केंद्र में वडकारा से सांसद शाफी परंबिल और कासरगोड से सांसद राजमोहन उन्नीथन हैं. दोनों नेताओं के बीच मतभेदों ने राज्य कांग्रेस में बढ़ती अंदरूनी खींचतान को उजागर किया है.
कांग्रेस की केरल प्रभारी और AICC महासचिव दीपा दासमुंशी ने बुधवार को उन्नीथन समेत कई नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी से स्थिति और न बिगाड़ने की हिदायत दी थी. इसके बावजूद दोनों खेमों से जुड़े नेताओं और समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहे.
पार्टी के एक धड़े का आरोप है कि शाफी परंबिल, KC वेणुगोपाल समर्थक नेताओं और पारंपरिक ‘A ग्रुप’ के सहारे KPCC अध्यक्ष पद की दावेदारी मजबूत कर रहे हैं. शाफी के समर्थक इस आरोप को खारिज करते हुए कहते हैं कि उन्नीथन उन्हें निशाना बनाकर उनकी संभावनाएं कमजोर करना चाहते हैं.
उन्नीथन समर्थक वरिष्ठ नेताओं बेनी बेहनान और KC जोसेफ के नाम आगे बढ़ा रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की पत्नी मरियम्मा ओमन ने भी उन्नीथन की टिप्पणियों का समर्थन किया है. अब कांग्रेस हाईकमान के हस्तक्षेप और संभावित अनुशासनात्मक कार्रवाई पर नजर है. मुख्यमंत्री VD सतीशन ने इस विवाद से दूरी बनाए रखने की बात कही है.
