केरल सरकार ने कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में वायु गुणवत्ता का व्यापक आकलन करने के लिए तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित की है. समिति को दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. यह फैसला विभिन्न एजेंसियों की ओर से जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) आंकड़ों में अंतर और बढ़ती सार्वजनिक चिंता के बीच लिया गया है.

समिति में द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (TERI), नई दिल्ली के Centre for Air Quality Research के वरिष्ठ फेलो सुरेश रामसुब्रह्मण्य अय्यर और NIT-कालीकट के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. जॉर्ज के. वर्गीस शामिल हैं. केरल राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अध्यक्ष समिति की संयोजक होंगी.

पैनल दोनों शहरों में पिछले वर्षों के वायु गुणवत्ता रुझानों, PM2.5, PM10, NO₂, SO₂ और O₃ जैसे प्रदूषकों तथा मौसम और स्थान के अनुसार होने वाले बदलावों का अध्ययन करेगा. CPCB, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आधिकारिक मॉनिटर, सैटेलाइट सिस्टम और निजी सेंसरों के आंकड़ों में अंतर के कारण भी जांचे जाएंगे.

वाहनों का धुआं, निर्माण कार्य, सड़क की धूल, कचरा जलाना, औद्योगिक गतिविधियां तथा बंदरगाह और हवाईअड्डे से जुड़ी गतिविधियां संभावित प्रदूषण स्रोतों के तौर पर जांच के दायरे में होंगी. समिति निगरानी नेटवर्क मजबूत करने, वास्तविक समय AQI सार्वजनिक करने और स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियों के लिए भी सुझाव देगी.