केरल सरकार ने कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में वायु गुणवत्ता का विस्तृत अध्ययन करने के लिए तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित की है. समिति को अलग-अलग एजेंसियों की ओर से जारी Air Quality Index (AQI) आंकड़ों में अंतर के कारणों की जांच करने और राज्य के लिए आधिकारिक संदर्भ प्रणाली सुझाने का जिम्मा दिया गया है.
समिति में TERI के Centre for Air Quality Research से जुड़े सुरेश रामसुब्रह्मण्य अय्यर, NIT कालिकट के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. जॉर्ज के. वर्गीज और केरल राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अध्यक्ष एस. श्रीकला शामिल हैं. श्रीकला समिति की संयोजक होंगी.
अध्ययन में पिछले कुछ वर्षों के वायु गुणवत्ता रुझानों, PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषकों की स्थिति तथा मौसम और स्थान के आधार पर होने वाले बदलावों को देखा जाएगा.
समिति वाहनों के धुएं, निर्माण और सड़क की धूल, खुले में कचरा जलाने, औद्योगिक गतिविधियों तथा बंदरगाह और हवाईअड्डे से जुड़े प्रदूषण स्रोतों की भी पहचान करेगी. मौजूदा निगरानी केंद्रों की विश्वसनीयता और पर्याप्तता की समीक्षा के बाद अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपाय सुझाए जाएंगे. सरकार ने रिपोर्ट दो सप्ताह में देने को कहा है.
