केरल हाई कोर्ट ने यौन हिंसा की नाबालिग पीड़िता को 27 सप्ताह से अधिक की गर्भावस्था समाप्त कराने की अनुमति दी है. अदालत ने राज्य सरकार को बिना देरी चिकित्सा प्रक्रिया की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. पीठ ने यह आदेश पीड़िता की गर्भावस्था जारी रखने की अनिच्छा और उससे जुड़े मानसिक आघात को ध्यान में रखते हुए दिया.

मेडिकल बोर्ड ने गर्भस्थ शिशु को viable बताया था और गंभीर नवजात जटिलताओं के जोखिम को देखते हुए प्रक्रिया या प्रसव को 32 सप्ताह तक टालने की सलाह दी थी. बोर्ड ने अत्यधिक समय से पहले जन्म की स्थिति में सेरेब्रल पाल्सी, दृष्टि संबंधी परेशानी और गंभीर बौद्धिक या न्यूरो-विकास संबंधी अक्षमताओं की आशंका जताई थी.

अदालत ने निर्देश दिया कि प्रक्रिया के बाद बच्चा जीवित रहता है तो राज्य उसे मानक नवजात देखभाल उपलब्ध कराए. जटिलताएं होने पर आवश्यक चिकित्सा सहायता भी दी जाएगी. यदि बच्चा जीवित जन्म लेता है और पीड़िता उसे अपने पास नहीं रखना चाहती, तो उसे बाल देखभाल संस्था या विशेषीकृत दत्तक एजेंसी के माध्यम से गोद देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. अदालत ने एफआईआर के मद्देनजर भ्रूण के ऊतक और रक्त नमूने सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया है.