केरल हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 निलंबित छात्रों को सेमेस्टर परीक्षा में बैठने की दी गई अंतरिम अनुमति रद्द कर दी है. जस्टिस अनिल के. नरेंद्रन और जस्टिस मुरली कृष्ण एस. की बेंच ने 3 नवंबर को यह आदेश दिया. परीक्षाएं 4 नवंबर से शुरू होनी थीं.

कोर्ट ने कहा कि छात्रों की याचिका में परीक्षा में शामिल होने की पात्रता साबित करने वाले जरूरी तथ्य और दस्तावेज मौजूद नहीं थे. याचिका में न्यूनतम अटेंडेंस और इंटरनल असेसमेंट से संबंधित पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई थी. छात्रों ने अटेंडेंस की कमी माफ कराने के लिए जरूरी आवेदन, दस्तावेज और संबंधित विभाग प्रमुखों या सेंटर निदेशकों की सिफारिश भी जमा नहीं की थी.

इससे पहले 30 अक्टूबर को सिंगल जज ने विश्वविद्यालय को छात्रों की परीक्षा फीस स्वीकार करने और उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का निर्देश दिया था. यह आदेश मुख्य याचिका पर आने वाले अंतिम फैसले के अधीन था. डिवीजन बेंच ने कहा कि सिंगल जज ने यह जांच किए बिना छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी कि वे विश्वविद्यालय के नियमों के तहत पात्र हैं या नहीं. बेंच के मुताबिक, अंतरिम आदेश में छात्रों को वही मुख्य राहत दे दी गई, जिसकी मांग उन्होंने याचिका में की थी.

13 अगस्त की घटना के बाद निलंबन

विश्वविद्यालय में 13 अगस्त को सिंडिकेट की बैठक के दौरान छात्रों ने प्रदर्शन किया था. वे कैंपस में पानी और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की कमी, शिक्षकों के खाली पद भरने समेत 18 मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान हुए नुक्कड़ नाटक को विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुलपति सीजा थॉमस के प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार के रूप में बताया. कुलपति ने प्रदर्शनकारियों पर रोकने, धक्का देने, बाल खींचने और उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए. पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और चार SFI कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया.

सिंडिकेट ने 22 अगस्त को जांच समिति बनाने का फैसला किया था. इसके बाद 1 सितंबर को 16 छात्रों को जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया गया और उनके कैंपस प्रवेश पर रोक लगा दी गई. छात्रों का कहना था कि इससे उनकी कक्षाएं और अटेंडेंस प्रभावित हुई. विश्वविद्यालय ने जवाब दिया कि वे न्यूनतम अटेंडेंस, इंटरनल परीक्षा और समय पर परीक्षा पंजीकरण जैसी शर्तें पूरी नहीं करते.

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में पहले के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान पढ़ाई के लिए हैं और धरना, भूख हड़ताल तथा सत्याग्रह जैसी राजनीतिक गतिविधियों से दूसरे छात्रों की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए. अदालत ने यह भी कहा कि नियमों के विपरीत विश्वविद्यालय को निर्देश नहीं दिए जा सकते. हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.