केरल हाई कोर्ट ने कथित भ्रष्टाचार और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है. मामले में उनकी बेटी टी. वीणा और उनकी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े आरोपों की भी जांच की जाएगी. आदेश जस्टिस ए. बदरुद्दीन ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया.

यह मामला कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए लेन-देन से जुड़ा है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2018-19 में CMRL ने एक्सालॉजिक को मासिक भुगतान के तौर पर कुल 1.72 करोड़ रुपये दिए थे. आरोप है कि इन भुगतानों के बदले कंपनी ने कोई सेवा प्रदान नहीं की. इन लेन-देन पर आयकर विभाग ने भी पहले सवाल उठाए थे.

जांच और अदालत में दलीलें

प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले से इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है. एजेंसी ने 2024 में धन शोधन निवारण कानून (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया था और राज्य पुलिस के साथ जांच से जुड़ी जानकारी साझा की थी. इसके बावजूद केरल पुलिस ने FIR दर्ज करने के बजाय विशेष जांच टीम (SIT) बनाई थी.

सुनवाई के दौरान ED ने FIR दर्ज करने की मांग का समर्थन किया. एजेंसी के वकील जयशंकर वी. नायर ने कहा कि जांच में सामने आए कई लेन-देन की राज्य पुलिस या किसी सक्षम एजेंसी से जांच जरूरी है.

राज्य के एडवोकेट जनरल जाजू बाबू ने याचिका की सुनवाई योग्य होने पर शुरुआती आपत्ति जताई. उनका कहना था कि याचिकाकर्ता ने इसे जनहित का मामला बताया है, लेकिन इसे निजी रिट याचिका के रूप में दाखिल किया गया. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य एजेंसी ED से मिली सामग्री की स्वतंत्र जांच कर सकती है और इसके बाद तय कर सकती है कि FIR की जरूरत है या नहीं.

इस मामले में ED के अलावा सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) भी जांच कर रहा है. आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में होने वाले निष्कर्षों से होगी.