केरल हाईकोर्ट ने कहा है कि न्यायाधीश कानून के सवालों पर अलग राय रख सकते हैं, लेकिन बेंचों और जजों के बीच आपसी सम्मान, संयम और न्यायिक शिष्टाचार जरूरी है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के सभी जज समान दर्जे के होते हैं और कोई बेंच दूसरी बेंच पर संस्थागत श्रेष्ठता का दावा नहीं कर सकती.

जस्टिस देवन रामचंद्रन और जस्टिस बसंत बालाजी की डिवीजन बेंच ने यह टिप्पणी 15 अक्टूबर के एक फैसले में की. कोर्ट की 26 अक्टूबर को जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, मामला तिरुवनंतपुरम सर्विस को-ऑपरेटिव बैंक के एक कर्मचारी की अपील से संबंधित था.

‘पीयर रेस्ट्रेंट’ को न्यायिक अनुशासन का आधार बताया

बेंच ने कहा कि ‘पीयर रेस्ट्रेंट’ केवल बाध्यकारी नजीरों का पालन करने तक सीमित नहीं है. इसमें बेंचों के बीच आपसी सम्मान, संयम और सामंजस्य भी शामिल हैं. कोर्ट के अनुसार, न्यायिक फैसलों में एकरूपता और लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए ये सिद्धांत जरूरी हैं.

बेंच ने कहा कि कोई भी बेंच, चाहे उसमें जजों की संख्या अधिक हो या कम, दूसरी बेंच या उसके सदस्यों को यह निर्देश या आलोचना नहीं कर सकती कि उन्हें कैसे काम करना, व्यवहार करना या अपनी बात दर्ज करनी चाहिए. कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के एक हालिया फैसले का हवाला देते हुए कहा कि न्यायपालिका की ताकत प्रभुत्व से नहीं, अनुशासन से आती है.

अपीलीय शक्ति श्रेष्ठता का अधिकार नहीं

हाईकोर्ट ने कहा कि डिवीजन बेंच सिंगल जज के निष्कर्ष से असहमत होकर वैध कारणों के आधार पर फैसले को बदल या रद्द कर सकती है. हालांकि, इससे फैसला देने वाले जज पर श्रेष्ठता स्थापित नहीं होती. दोनों ही संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत हाईकोर्ट का अधिकार क्षेत्र इस्तेमाल करते हैं. चीफ जस्टिस का पद भी ‘बराबरों में प्रथम’ का है.

मामले में लेबर कोर्ट ने बैंक को अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय दिया था. हाईकोर्ट ने माना कि लेबर कोर्ट के पास समय बढ़ाने की शक्ति है, लेकिन इस मामले में बैंक की देरी और कर्मचारी की आपत्तियों का पर्याप्त मूल्यांकन नहीं हुआ. इसलिए समय बढ़ाने वाला आदेश रद्द कर आवेदन पर दो महीने में दोबारा विचार करने का निर्देश दिया गया.