तिरुवनंतपुरम: केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) के कामकाज पर विशेषज्ञ समिति की 106 पन्नों की रिपोर्ट में वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं. रिपोर्ट विधानसभा में पेश किए जाने के बाद मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने KIIFB को ‘अलग साम्राज्य’ की तरह काम करने वाला संस्थान बताया.
रिपोर्ट के अनुसार, 2017 में KIIFB के लिए 40 पदों को मंजूरी दी गई थी, लेकिन बाद में कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 498 हो गई. आरोप है कि इसके लिए जरूरी सरकारी मंजूरी नहीं ली गई. समिति ने 2023 में कर्मचारियों के वेतन में बदलाव को लेकर भी सरकार से पर्याप्त परामर्श नहीं किए जाने की बात कही है.
रिपोर्ट में 2025-26 के दौरान प्रचार गतिविधियों पर ₹203.72 करोड़ खर्च किए जाने का उल्लेख है, जबकि खातों में विज्ञापन खर्च के तौर पर ₹21.16 करोड़ दर्ज किए गए.
सतीशन ने यह भी आरोप लगाया कि KIIFB ने अपनी उधारी की सरकारी गारंटी से जुड़े फैसलों में वित्त विभाग की भूमिका को दरकिनार किया. सरकार अब रिपोर्ट के निष्कर्षों की समीक्षा कर संभावित जांच और आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगी.
