केरल के मल्लरिक्कल में हर साल जुलाई से दिखने वाली गुलाबी जल लिली ने इलाके को पर्यटन केंद्र में बदल दिया है. हालांकि, केरल स्टेट बायोडायवर्सिटी बोर्ड के लिए किए गए दो साल के अध्ययन में इसके अनियंत्रित और असामान्य विस्तार को लेकर पारिस्थितिकी विशेषज्ञों ने चिंता जताई है.

जवाहरलाल नेहरू ट्रॉपिकल बॉटैनिक गार्डन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक रमेशकुमार के.बी. के अनुसार, यह पौधा 2018 की बाढ़ के बाद इस क्षेत्र में दिखाई दिया. इससे पहले यहां इसका अस्तित्व नहीं था. वैज्ञानिक यह पता लगाने के लिए आनुवंशिक और आणविक स्तर पर अध्ययन कर रहे हैं कि यह पौधा किसी नर्सरी से बाहर निकली प्रजाति है या पहले से मौजूद किसी प्रजाति का रूपांतर.

अध्ययन के मुताबिक, जल लिली के फैलाव के साथ स्थानीय जल लिली और अन्य जलीय पौधों की कुछ किस्में गायब हुई हैं तथा चूहों की संख्या बढ़ी है. सड़ने वाले पौधों के बड़े पैमाने पर जमा होने से मीथेन जैसे ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन की आशंका भी जताई गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि इससे पानी का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हुआ है और गाद तथा सड़े हुए जैविक पदार्थ के कारण जल निकायों के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ा है.

बड़ी पत्तियों से पानी की सतह का बड़ा हिस्सा ढक जाने के कारण सूर्य का प्रकाश पानी के भीतर कम पहुंच रहा है. इससे शैवाल और अन्य सूक्ष्म तथा बड़े जलीय जीवों के आवास प्रभावित होने की आशंका है. लाखों फूल परागण करने वाले जीवों को आकर्षित कर रहे हैं, जिससे भविष्य में आसपास की फसलों के परागण पर भी असर पड़ सकता है. बोर्ड ने इस पौधे को दूसरे जल निकायों में फैलने से रोकने के लिए नियंत्रण उपायों की जरूरत बताई है.

मल्लरिक्कल में यह फूल धान की खेती के बाद लगभग तीन महीने तक खिलता है. यह मुख्य रूप से दो धान क्षेत्रों—1,800 एकड़ में फैले जे ब्लॉक और करीब 850 एकड़ के थिरुवैक्कारी पाडम—में दिखाई देता है. इन क्षेत्रों में क्रमशः लगभग 600 और 300 किसान हिस्सेदार हैं.

मल्लरिक्कल टूरिज्म सोसाइटी के अनुसार, मौसम के दौरान करीब 250 देशी नावें पर्यटकों को घुमाने में लगती हैं. स्थानीय महिलाएं फूलों के गुलदस्ते बनाती हैं और किसान तथा निवासी पर्यटकों से अतिरिक्त आय कमाते हैं. पिछले वर्ष इस गतिविधि से करीब ₹5 करोड़ का राजस्व आने का दावा किया गया है.