केरल सरकार ने स्थानीय निकायों की सेवाओं और सूचनाओं को अधिक पारदर्शी और लोगों के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से ‘एक स्थानीय निकाय, एक वेबसाइट’ कार्यक्रम लागू किया है. स्थानीय स्वशासन मंत्री के.एम. शाजी ने 12 अक्टूबर को विधानसभा में यह जानकारी दी.
मंत्री के अनुसार, राज्य की 941 ग्राम पंचायतों, 152 ब्लॉक पंचायतों, 14 जिला पंचायतों, 87 नगरपालिकाओं और छह नगर निगमों के लिए अलग-अलग आधिकारिक वेबसाइट तैयार की गई हैं. इन वेबसाइटों पर संबंधित स्थानीय निकाय की प्रोफाइल, निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों का विवरण, बजट, विकास योजनाएं, निर्णय, रिपोर्ट और टेंडर उपलब्ध होंगे.
वेबसाइटों के जरिए K-SMART जैसी डिजिटल सेवाओं तक भी पहुंच दी गई है. नागरिक प्रमाणपत्र, संपत्ति कर, भवन अनुमति, लाइसेंस, ऑनलाइन आवेदन और शिकायत निवारण जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे. स्थानीय निकायों की वेबसाइटों की सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है.
क्यूआर कोड से लिया जाएगा फीडबैक
के.एम. शाजी ने बताया कि स्थानीय निकाय कार्यालयों में आने वाले नागरिकों से सेवाओं और सुविधाओं की गुणवत्ता पर प्रतिक्रिया लेने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था लागू की गई है. कार्यालयों में आसानी से दिखाई देने वाले स्थानों पर लगाए गए क्यूआर कोड को मोबाइल फोन से स्कैन कर फीडबैक दिया जा सकेगा.
सरकार इस प्रतिक्रिया का इस्तेमाल सेवाओं की गुणवत्ता का विश्लेषण करने, समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए आगे की कार्रवाई तय करने में करेगी.
