तिरुवनंतपुरम: केरल सरकार निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए नया विधेयक विधानसभा में पेश करने जा रही है. प्रस्तावित कानून में केरल के स्थानीय छात्रों के लिए प्रत्येक पाठ्यक्रम में 25% सीटों को प्राथमिकता देने का प्रावधान है. पिछले वर्ष पारित विधेयक में यह हिस्सा 40% था. नए प्रावधान में यह प्राथमिकता योग्य आवेदकों की उपलब्धता और राज्य के आरक्षण नियमों के अधीन होगी.
विधेयक में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए कम से कम 15% और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए 5% सीटों का प्रावधान भी प्रस्तावित है. निजी विश्वविद्यालय बहुविषयक और स्व-वित्तपोषित होंगे. एकल परिसर वाले विश्वविद्यालय के लिए कम से कम 10 एकड़ और बहु-परिसर विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर के लिए 20 एकड़ भूमि का प्रस्ताव है.
प्रस्तावित कानून के तहत मंजूरियों के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था बनाई जाएगी. निर्धारित अवधि में निर्णय नहीं होने पर कुछ मामलों में अनुमोदन को स्वतः स्वीकृत मानने का प्रावधान होगा, हालांकि केंद्रीय कानूनों के तहत जरूरी मंजूरियां अलग से लेनी होंगी.
विधेयक में केरल नॉलेज वैली के गठन का भी प्रस्ताव है. इन क्षेत्रों में विदेशी विश्वविद्यालयों को भारतीय संस्थानों के साथ मिलकर परिसर या केंद्र स्थापित करने की अनुमति UGC नियमों के अधीन दी जा सकती है.
