केरल में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और कुत्तों के काटने से होने वाली घटनाओं से निपटने के लिए विशेषज्ञ समिति ने 10 साल का रोडमैप प्रस्तावित किया है. योजना में केवल नसबंदी और टीकाकरण के बाद कुत्तों को फिर सड़कों पर छोड़ने के बजाय गोद लेने, आश्रय व्यवस्था और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन पर जोर दिया गया है.

केरल वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (KVASU), पशुपालन विभाग और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े विशेषज्ञों की समिति ने यह 20 अध्यायों वाला दस्तावेज स्थानीय स्वशासन मंत्री के.एम. शाजी को सौंपा है. समिति की अध्यक्षता कोक्कलै स्थित यूनिवर्सिटी वेटरिनरी हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. शिबू साइमन ने की.

चार चरणों में लागू करने की योजना

प्रस्ताव के शुरुआती दो वर्षों में गोद लेने, आश्रयों, Animal Birth Control (ABC) केंद्रों, कचरा प्रबंधन और जिम्मेदार पालतू पशु-पालन पर ध्यान देने की बात कही गई है. दूसरे चरण का लक्ष्य 2030 तक कुत्तों से फैलने वाले रेबीज के कारण मानव मृत्यु को शून्य करना और खुले में घूमने वाले कुत्तों का घनत्व घटाकर 2 से 5 प्रति वर्ग किलोमीटर करना है.

तीसरे चरण में लगातार नसबंदी के जरिए बचे हुए आवारा कुत्तों में जन्म रोकने और कुत्तों को छोड़ने पर रोक लगाने का प्रस्ताव है. अंतिम चरण में गोद लेने और पुनर्वास के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों को आवारा कुत्तों से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है.

समिति ने वयस्क कुत्तों को गोद लेने वालों को हर महीने ₹500 से ₹1,000 की सहायता देने की सिफारिश की है. ऐसे लोगों को आजीवन मुफ्त एंटी-रेबीज टीकाकरण, लाइसेंस और माइक्रोचिपिंग की सुविधा देने का भी सुझाव है. कारखानों, बागानों, बड़े परिसरों, खेतों और निर्माण स्थलों को वयस्क कुत्तों को सुरक्षा के लिए अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई है.

कचरा प्रबंधन और निगरानी पर जोर

रिपोर्ट में सड़क किनारे कचरे को आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने का प्रमुख कारण बताया गया है. बूचड़खानों के कचरे के लिए केंद्रीकृत संयंत्र और होटल कचरे के बेहतर प्रबंधन की सिफारिश की गई है. राज्य में 76 से 152 विकेंद्रीकृत ABC केंद्र स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया है.

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि 2025 में 3.69 लाख लोगों को कुत्तों ने काटा और 2021 से 2025 के बीच रेबीज से 122 लोगों की मौत हुई. 2024 में राज्य में करीब 4.5 लाख आवारा कुत्ते होने का अनुमान था, जो 2019 के लगभग तीन लाख से अधिक है.

समिति ने वार्ड स्तर पर हर साल फोटो आधारित सर्वे, Chapman estimator के इस्तेमाल और K-SMART से डिजिटल मैपिंग की सिफारिश की है. योजना के लिए स्थानीय स्वशासन, पशुपालन, स्वास्थ्य और गृह विभागों के साथ आम लोगों की भागीदारी को जरूरी बताया गया है.