केरल की ट्रैवल ब्लॉगर अरुणिमा ने अफगानिस्तान के बामियान में अकेले यात्रा करने के दौरान अधिकारियों द्वारा रोके जाने और गिरफ्तारी की धमकी दिए जाने का दावा किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर मदद मांगते हुए कहा था कि वह अफगानिस्तान में मुसीबत में हैं और भारतीय दूतावास से संपर्क कराने में सहायता चाहती हैं.
अरुणिमा के मुताबिक, वह ट्रक से यात्रा कर शाम करीब सात बजे बामियान पहुंचीं. वहां स्थानीय अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट, वीजा और यात्रा परमिट जांचा. उनका आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें बताया कि महिलाओं को पुरुष साथी, ‘महरम’ या आधिकारिक गाइड के बिना यात्रा करने की अनुमति नहीं है.
उन्होंने बताया कि एक स्थानीय अंग्रेजी बोलने वाले व्यक्ति ने अधिकारियों से बातचीत में उनकी मदद की. अरुणिमा के अनुसार, अधिकारियों ने परमिट के लिए 10,000 अफगानी और आधिकारिक गाइड का खर्च मांगा. लंबी बातचीत के बाद उन्हें बिना परमिट लिए उज्बेकिस्तान सीमा की दिशा में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई.
बाद की सोशल मीडिया पोस्ट में अरुणिमा ने खुद को सुरक्षित बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें कई घंटों तक रोके रखा गया था. हालांकि, गिरफ्तारी और स्थानीय नियमों से जुड़े उनके दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है.
