कोच्चि में डॉक्टर से मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने उसी डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है. अभिनेत्री की रिश्तेदार ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने उसे नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न किया. आरोपों की जांच अभी जारी है और डॉक्टर को दोषी साबित नहीं किया गया है.
यह मामला 2 नवंबर को कोच्चि के एक फ्लैट में डॉक्टर पर हुए हमले से जुड़ा है. डॉक्टर की शिकायत के अनुसार, उन्हें एक महिला की मौसी को इलाज देने के बहाने फ्लैट पर बुलाया गया था. वहां उन्हें धमकाया गया, पीटा गया और करीब 3 लाख रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिए गए.
डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया था कि हमलावरों ने उन पर महिला की मौसी को नशीला पदार्थ देने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. उन्होंने अभिनेत्री पर मारपीट के दौरान अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया.
डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने 4 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 127, 115, 296, 351 और 310 के तहत मामला दर्ज किया था. इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों को आरोपी बनाया है. इनमें एक अभिनेता-निर्माता भी शामिल है और अभिनेता समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
