Cockroach Janata Party (CJP) शनिवार को केरल के कोच्चि में मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) के खिलाफ मार्च निकालेगी. पार्टी SIR प्रक्रिया को वापस लेने की मांग कर रही है.

मार्च शाम 4 बजे मरीन ड्राइव से शुरू होकर राजेंद्र मैदान पहुंचेगा, जहां जनसभा आयोजित की जाएगी. पार्टी ने कार्यक्रम को ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ नाम दिया है.

CJP के अनुसार, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और अभिनेता प्रकाश राज के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. राष्ट्रीय नेता अफरीन नवाज और दक्षिण भारत के प्रभारी विजय रेड्डी मल्लांगी के भी मौजूद रहने की बात कही गई है. अभिजीत दीपके और प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है.

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की

कोच्चि सिटी पुलिस की स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, CJP कार्यकर्ताओं ने हाल में पुलिस उपायुक्त से मुलाकात कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की थी. अधिकारियों ने मार्च के शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद जताई है, लेकिन किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.

इससे पहले नई दिल्ली में CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाया था. पार्टी के अनुसार, दिल्ली में प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया गया था. राष्ट्रीय राजधानी में हुए प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में CJP नेताओं से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूछताछ भी की थी.