केरल के कोच्चि में डॉक्टर को कथित तौर पर अपार्टमेंट में बुलाकर मारपीट करने और उनका सामान ले जाने के मामले में अभिनेत्री अथुल्या चंद्रा, अभिनेता-निर्माता बिबिन पेरुम्बिल्ली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, मामले में कुल 12 आरोपियों के नाम सामने आए हैं.
कडवंथरा पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 41 वर्षीय डॉक्टर को 2 नवंबर की शाम पोननुरुन्नी इलाके के एक अपार्टमेंट में यह कहकर बुलाया गया था कि एक महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत है. शिकायत में आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें कमरे में बंद किया गया और उनके साथ मारपीट की गई.
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर के दो मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और ईयरपॉड्स भी ले लिए गए. इन सामानों की कुल कीमत लगभग 3.25 लाख रुपये बताई गई है. प्राथमिकी में बिबिन को पहला और अथुल्या चंद्रा को तीसरा आरोपी बनाया गया है.
पुलिस ने गलत तरीके से बंधक बनाने, चोट पहुंचाने, धमकी देने और लूट से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है. अधिकारियों ने कहा कि घटना का पूरा क्रम और कथित उद्देश्य अभी जांच के अधीन है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सामान बरामद नहीं हुआ है.
