केरल के कोच्चि स्थित कोडानाड हाथी केंद्र में उपचार ले रहे 18 महीने के हाथी के बछड़े को विशेष इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा ले जाया जाएगा. बछड़ा आनुवंशिक हड्डी संबंधी विकार से पीड़ित है और खड़ा या चल नहीं पा रहा है.

केरल वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बछड़े का वजन करीब 125 से 130 किलोग्राम है. उसे कोडानाड केंद्र से 10 से 12 लोगों और क्रेन की मदद से विशेष रूप से तैयार पशु एम्बुलेंस में स्थानांतरित किया गया. इसके बाद उसे कोच्चि के नेदुम्बस्सेरी हवाई अड्डे ले जाया गया, जहां से जामनगर के लिए चार्टर्ड उड़ान निर्धारित थी. उसके साथ पशु चिकित्सक और वन विभाग की टीम भी जाएगी.

मुख्य वन्यजीव वार्डन पी. पुगाझेंडी ने बताया कि बछड़े को जन्म के तुरंत बाद कोडानाड लाया गया था. उसके गिरने के बाद जांच में ऑस्टियोपीनिया का पता चला, जो हड्डियों से जुड़ा विकार है. उनके अनुसार, केरल में इस स्थिति के लिए आवश्यक विशेष उपचार सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए वंतारा के विशेषज्ञों से चर्चा के बाद उसे वहां भेजने का फैसला किया गया.

विशेषज्ञों ने बछड़े के लिए हार्मोनल थेरेपी और हाइड्रोथेरेपी की उपचार योजना तैयार की है. शुरुआती इलाज चार से छह महीने चलने की उम्मीद है, लेकिन आनुवंशिक विकार के कारण परिणाम की निश्चित भविष्यवाणी नहीं की जा सकती.

बछड़े की देखभाल करने वाला महावत पूरे उपचार के दौरान उसके साथ रहेगा. केरल का एक पशु चिकित्सा अधिकारी और वन विभाग के अन्य कर्मचारी भी टीम में शामिल होंगे. उपचार की प्रगति की समीक्षा के लिए निगरानी समिति बनाई गई है, जो कम से कम सप्ताह में एक बार रिपोर्ट देगी. अधिकारियों के मुताबिक, वंतारा ने इलाज का पूरा खर्च उठाने पर सहमति जताई है. स्वास्थ्य में सुधार के बाद बछड़े को केरल वापस लाने की उम्मीद है.