केरल के कोच्चि स्थित एर्नाकुलम जिला अदालत परिसर से 124 मामलों से जुड़ी केस प्रॉपर्टी गायब होने का मामला सामने आया है. गायब सामान में करीब 1.9 लाख रुपये की Rado घड़ी भी शामिल है. ये वस्तुएं Judicial First Class Magistrate-II अदालत के कब्जे में थीं.
मामला तब सामने आया, जब एक महिला उद्योगपति ने अपने पति से जुड़े 2016 के मामले में घड़ी वापस लेने के लिए अदालत में दावा किया. अदालत के अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम में घड़ी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली. इसके बाद रिकॉर्ड और ऑडिट की जांच में 123 अन्य मामलों की सामग्री भी गायब होने की जानकारी सामने आई.
पुलिस के अनुसार, सामान के 1 जनवरी 2016 से 21 सितंबर 2026 के बीच गायब होने की आशंका है. एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने अदालत की जूनियर सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है. जांच में स्ट्रॉन्ग रूम के रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और संबंधित कर्मचारियों के बयान शामिल किए जा रहे हैं. अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.
