केरल हाईकोर्ट ने कोच्चि के चेरानल्लूर इलाके में हुए मर्सिडीज हादसे के मामले में 17 वर्षीय आरोपी के पिता और अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है. अदालत ने कहा कि जज एक न्यायिक अधिकारी हैं और जांच में सहयोग कर चुके हैं. पुलिस के अनुसार, उनसे पूछताछ भी की जा चुकी है.
हादसा 24 अक्टूबर की देर रात हुआ था. आरोप है कि जज का नाबालिग बेटा तेज रफ्तार मर्सिडीज चला रहा था. कार ने स्कूटर सवार 55 वर्षीय जयबालकृष्णन को पीछे से टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई. वाहन जज के नाम पर पंजीकृत बताया गया है.
जज ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा कार लेकर घर से निकला है. उनके मुताबिक, वह रात 1:28 बजे सोने गए थे और उन्हें हादसे की जानकारी 2:14 बजे फोन पर मिली. हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए के तहत उन्हें मामले में आरोपी बनाया था.
मृतक की बेटी भद्रकीर्ति ने अदालत के फैसले पर असंतोष जताते हुए आरोप लगाया कि जज होने के कारण आरोपी के परिवार को विशेष राहत मिल रही है. उन्होंने यह भी दावा किया कि नाबालिग पहले भी तेज रफ्तार से वाहन चलाता था और उसके पास 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से ड्राइविंग के वीडियो व तस्वीरें होने के सबूत हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कुछ वीडियो हादसे के बाद हटाए गए और सोशल मीडिया अकाउंट को निजी कर दिया गया. इन दावों की जांच जारी है.
नाबालिग की जमानत पर अगली सुनवाई
पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया था. 25 अक्टूबर को नाबालिग को थाने से जमानत मिली थी. इसके बाद मृतक के परिवार ने प्रदर्शन किया और उसे किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करने की मांग की. बोर्ड ने भी उसे जमानत दे दी.
राज्य सरकार ने जमानत के खिलाफ अपील की है. मृतक के परिवार ने भी मामले में हस्तक्षेप याचिका दायर कर जमानत रद्द करने की मांग की है. अदालत ने नाबालिग और उसके माता-पिता को नोटिस जारी किया है. अगली सुनवाई 13 नवंबर को होगी.
मामले में पुलिस की कथित लापरवाही के बाद चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. कोच्चि के पुलिस आयुक्त एस. कलिराज महेश कुमार के तबादले की भी जानकारी दी गई है. पुलिस का कहना है कि हादसे के समय नाबालिग के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई थी और उसके रक्त के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं.
