केरल हाईकोर्ट ने Mercedes-Benz सड़क हादसे के नाबालिग आरोपी के पिता और न्यायिक अधिकारी को अग्रिम जमानत दे दी है. पीड़ित परिवार की ओर से दाखिल याचिका को अदालत ने खारिज करते हुए कहा कि आरोपी के जांच में सहयोग नहीं करने का कोई सबूत नहीं मिला है. अदालत के अनुसार, आरोपी के पिता जांच में सहयोग कर चुके हैं और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी नहीं है.
यह हादसा 25 अक्टूबर की देर रात कोच्चि के चेरानल्लूर इलाके में हुआ था. आरोप है कि न्यायिक अधिकारी के नाबालिग बेटे ने तेज रफ्तार Mercedes से स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में 55 वर्षीय जयबालकृष्णन की मौत हो गई. वाहन उनके पिता के नाम पर पंजीकृत था. इसी आधार पर केरल हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199A के तहत पिता को भी मामले में आरोपी बनाया.
अदालत में पिता ने कहा था कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा कार लेकर घर से निकला है. उनके मुताबिक, वह रात 1:28 बजे सोने गए और 2:14 बजे फोन पर हादसे की सूचना मिली.
मृतक की बेटी भद्रकीर्ति ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में हाईकोर्ट के फैसले पर निराशा जताई. उन्होंने इसे ‘छाती में छुरा घोंपने जैसा’ बताया और दावा किया कि उनके पास नाबालिग के पहले भी तेज रफ्तार से कार चलाने के सबूत हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कुछ वीडियो में कार की गति 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक दिखी थी. इन दावों की जांच जारी है.
मामले में पुलिस की कथित लापरवाही के बाद कोच्चि के पुलिस कमिश्नर एस. कलिराज महेश कुमार का तबादला किया गया है. चार पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया. पुलिस के अनुसार, हादसे के समय किशोर नशे में नहीं था और उसके रक्त के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं.
