केरल के कोच्चि के पास नेडुंबस्सेरी में रविवार, 11 अक्टूबर की देर रात तेज रफ्तार Mini Cooper ने एक स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटर सवार तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने 19 वर्षीय चालक सुहैल सजीव को हिरासत में लिया है.
हादसा कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़क पर रात करीब 1:45 बजे हुआ. मृतकों की पहचान वायनाड की 21 वर्षीय देविका, पलक्कड़ की 22 वर्षीय गोपिका और कर्नाटक के 21 वर्षीय इजाज के रूप में हुई है. तीनों एक हस्तशिल्प दुकान में काम करते थे और चाय पीकर लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज गति से आ रही थी.
पुलिस ने चालक के रक्त और मूत्र के नमूने जांच के लिए भेजे हैं. अधिकारियों ने कहा कि शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि की जा रही है. कार की फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल के CCTV फुटेज की भी जांच होगी.
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आए उन वीडियो की भी जांच कर रही है, जिनमें चालक को कथित तौर पर तेज गति से वाहन चलाते दिखाया गया है.
