केरल के कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में निपाह मरीजों को दी गई दवाओं को लेकर विवाद बढ़ गया है. स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने कहा कि कुछ दवाएं क्लिनिकल ट्रायल के लिए थीं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. यह जांच अस्पताल के अधीक्षक से मिली जानकारी के आधार पर शुरू की गई है.
मंत्री के अनुसार, रेमडेसिविर की कुछ खेपों पर निर्माण तारीख दर्ज नहीं थी और पैकेजिंग पर ‘For Clinical Trial Use’ लिखा था. दवा की आपूर्ति केरल मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के जरिए हुई थी. अधिकारियों को यह पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं कि दवा किसने खरीदी, किन मरीजों को दी गई और क्या किसी मरीज पर प्रतिकूल असर पड़ा.
सरकार यह भी जांच करेगी कि मई 2023 में समाप्त हो चुकी दवा 2023 से 2025 के बीच इस्तेमाल हुई थी या नहीं और निपाह मरीजों की मौतों से उसका कोई संबंध था या नहीं. इसके लिए विशेषज्ञों का मेडिकल बोर्ड गठित किया जा रहा है.
हालांकि, संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप कुमार एएस ने आरोपों पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि 2023 से 2025 के बीच निपाह से जान गंवाने वाले छह मरीजों को रेमडेसिविर नहीं दी गई थी, जबकि दवा पाने वाले सात मरीज स्वस्थ हुए. जांच पूरी होने तक दवा और मौतों के बीच संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.
