केरल के कोझिकोड जिले के मथोट्टम में वन एवं वन्यजीव विभाग के ‘वनश्री’ कार्यालय परिसर स्थित एक कुएं से करीब 20 अजगरों के शव मिले हैं. अधिकारियों के अनुसार, शव इस सप्ताह की शुरुआत में सड़ी-गली हालत में निकाले गए.

कुएं से बदबू आने के बाद विभागीय कर्मचारियों ने इसकी जांच की थी. अधिकारियों ने बताया कि शवों के ऊपर कुछ अजगर जीवित भी मिले.

वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया टीमों ने इन अजगरों को कोझिकोड जिले के अलग-अलग हिस्सों से बचाया था. जंगल में छोड़े जाने से पहले उन्हें कुछ समय के लिए कुएं में रखा गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सांपों को करीब दो सप्ताह तक कुएं में रखे जाने की बात सामने आई है. यह भी दावा किया गया कि संकरे कुएं में नीचे दबे अजगर दूसरे सांपों के भार के कारण मर सकते हैं. हालांकि, वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने लापरवाही से इनकार किया और कहा कि बचाए गए सांपों को कुछ समय के लिए ऐसे कुओं में रखना सामान्य प्रक्रिया है. मौतों के सटीक कारण की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.