केरल के कोच्चि शहर को पहली महिला पुलिस कमिश्नर मिल गई हैं. 2008 बैच की IPS अधिकारी आर. निशांतिनी ने यह जिम्मेदारी संभाली है. इससे पहले वह दक्षिण क्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक यानी IG के पद पर तैनात थीं.
आर. निशांतिनी केरल कैडर की अधिकारी हैं और पुलिस सेवा में करीब दो दशक का अनुभव रखती हैं. उन्होंने जिला स्तर की पुलिसिंग, इंटेलिजेंस और वरिष्ठ प्रशासनिक जिम्मेदारियों में काम किया है. वह पहले IG, Intelligence और पुलिस मुख्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुकी हैं.
कोच्चि उनके लिए नया शहर नहीं है. वह पहले यहां Deputy Commissioner of Police के रूप में भी काम कर चुकी हैं. पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि शहर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अच्छे कामों में निरंतरता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी.
उन्होंने नशीले पदार्थों के इस्तेमाल और बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया है. Operation Toofan समेत राज्य के नशा-विरोधी अभियानों से भी उनका जुड़ाव रहा है. इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक सहयोग से कोच्चि की यातायात समस्याओं पर काम करने की बात कही है.
उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब कोच्चि पुलिस एक घातक सड़क दुर्घटना मामले की जांच को लेकर सवालों का सामना कर रही है.
