केरल के तिरुवनंतपुरम में बुधवार रात यूथ कांग्रेस और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. घटना केरल विश्वविद्यालय के पुरुष छात्रावास और यूनिवर्सिटी कॉलेज के पास हुई, जहां पथराव और बोतलें फेंके जाने के आरोप लगे.
यूथ कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च निकाला था. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे मार्च के छात्रावास क्षेत्र में पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा. यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास के भीतर से पत्थर और बीयर की बोतलें फेंकी गईं. दूसरी ओर, SFI से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने छात्रावास परिसर की ओर पत्थर, जलती मशालें और अन्य वस्तुएं फेंकीं.
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. पुलिसकर्मियों तथा कुछ छात्र-कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया. SFI ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को शैक्षणिक संस्थानों में कक्षाओं के बहिष्कार का आह्वान किया है. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
