‘काम, कर्म और कामयाबी’ सत्र में आचार्य प्रशांत ने जीवन, करियर और व्यक्तिगत फैसलों से जुड़े कई सवालों पर जवाब दिए. एक युवक ने उनसे पूछा कि यदि कोई भगवान को नहीं मानता या उसके अस्तित्व को लेकर अनिश्चित है, तो वह अकेलेपन से कैसे बचे.
आचार्य प्रशांत ने कहा कि समस्या केवल अकेलापन नहीं, बल्कि यह धारणा भी है कि जीवन में किसी दूसरे व्यक्ति का होना अनिवार्य है. उनके अनुसार, व्यक्ति को अपनी भीतर की समस्या से भागने के बजाय उसके साथ ईमानदारी से ठहरना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक ईश्वर वह है जो हमारी समस्याओं या कल्पनाओं से बनता है, जबकि दूसरा वह है जो समस्या और अहंकार के मिटने के बाद बचता है.
काम और वीकेंड के इंतजार पर राय
काम और छुट्टी के रिश्ते पर उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति काम को भीतर से नहीं चुनता, तो सप्ताह के तनाव की भरपाई के लिए वीकेंड का इंतजार करने लगता है. उन्होंने इसे एक तरह का लेनदेन बताया—पांच दिन काम के बदले दो दिन की राहत. उनके मुताबिक, काम सार्थक और सही दिशा में हो तो छुट्टी या अगले दिन की चिंता कम हो सकती है.
करियर और आर्थिक जरूरतों पर आचार्य प्रशांत ने कहा कि शिक्षा ऋण या पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण शुरुआती दौर में समझौता करना पड़ सकता है. हालांकि, उन्होंने इसे जीवन भर की स्थायी स्थिति या सुविधा का बहाना न बनाने की बात कही.
सोशल मीडिया पर दिखने वाले विकल्पों को लेकर उन्होंने आत्म-अवलोकन की सलाह दी. शादी और करियर के दबाव पर उनका कहना था कि परिवार का सम्मान करते हुए जीवन के फैसलों की जिम्मेदारी अंततः व्यक्ति को अपने विवेक से लेनी चाहिए.
