दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में प्रदूषण बढ़ने के बीच घरों में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल बढ़ा है. हालांकि, मशीन के डिस्प्ले पर दिखने वाला स्तर या नंबर अकेले यह साबित नहीं करता कि कमरे की हवा पूरी तरह साफ हो गई है. यह जानने के लिए अलग से भरोसेमंद PM2.5 मॉनिटर की मदद ली जा सकती है.

PM2.5 मॉनिटर से ऐसे करें जांच

यशोदा मेडिसिटी हॉस्पिटल के रेस्पिरेटरी मेडिसिन और पल्मोनोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. राजेश कुमार गुप्ता के अनुसार, पहले कमरे में एयर प्यूरीफायर बंद रखकर PM2.5 का स्तर नोट करें. इसके बाद प्यूरीफायर चलाने के कुछ समय बाद उसी मॉनिटर से दोबारा रीडिंग लें. अगर रीडिंग में लगातार गिरावट दिखाई देती है, तो यह संकेत हो सकता है कि मशीन कमरे की हवा में मौजूद प्रदूषक कणों को कम कर रही है.

विशेषज्ञ के मुताबिक, सिर्फ एयर प्यूरीफायर खरीदना पर्याप्त नहीं है. मशीन की क्षमता कमरे के आकार के अनुरूप होनी चाहिए. फिल्टर की नियमित जांच और समय पर उसे बदलना भी जरूरी है. गंदा फिल्टर प्यूरीफायर के असर को कम कर सकता है.

कमरे की हवा पर इन बातों का भी असर

अगर बाहर की दूषित हवा लगातार कमरे में प्रवेश कर रही हो, तो प्यूरीफायर का प्रभाव घट सकता है. प्रदूषण बढ़ने पर खिड़की-दरवाजे बंद रखने और घर के अंदर धुआं पैदा करने वाली चीजों से बचने की सलाह दी गई है.

प्रदूषण के छोटे कण सांस के साथ फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं. अस्थमा के मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर अधिक हो सकता है. सांस लेने में तकलीफ, खांसी या घरघराहट बढ़ने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.