अंशुला कपूर ने शादी के बाद अपनी पहली करवा चौथ के लिए पारंपरिक और रॉयल अंदाज चुना. गहरे लाल और मैरून रंग के अनारकली सूट में उनका लुक सादगी और फेस्टिव एलिगेंस का संतुलन दिखा रहा था. मांग में सिंदूर, माथे पर लाल बिंदी और चेहरे पर मुस्कान ने उनके नवविवाहिता लुक को पूरा किया.
अंशुला ने यह आउटफिट डिजाइनर ब्रांड Rimple and Harpreet का पहना था. अनारकली का टेक्सचर रिच था, लेकिन इसमें जरूरत से ज्यादा सजावट नहीं की गई थी. इस वजह से आउटफिट का गहरा रंग और इसका सिल्हूट प्रमुखता से नजर आया.
बांधनी दुपट्टे ने जोड़ा रंग
उनके लुक का सबसे खास हिस्सा लाल और सुनहरे रंग का बांधनी पैटर्न वाला दुपट्टा था. दुपट्टे पर बारीक कढ़ाई, गोटा-पत्ती और जरी का काम किया गया था. बॉर्डर में नीले और गुलाबी रंगों की झलक भी दिखी, जिसने पूरे परिधान में अतिरिक्त रंग जोड़ा. सादे अनारकली के साथ इस तरह का कामदार दुपट्टा लुक को संतुलित फेस्टिव अंदाज देता है.
जूलरी में अंशुला ने भारी हार के बजाय बड़े गोल्डन और पर्ल डिटेलिंग वाले झुमकों को प्राथमिकता दी. हरे और सुनहरे कंगन-चूड़ियों के साथ बड़ी स्टेटमेंट रिंग पहनी गई थी. एक हाथ में ब्रेसलेट और रिंग का संयोजन भी उनके एक्सेसरीज लुक का हिस्सा रहा.
सॉफ्ट ग्लैम मेकअप और पोटली बैग
अंशुला ने बालों को हाफ-अप और हाफ-डाउन स्टाइल में सॉफ्ट वेव्स के साथ रखा. पीछे हल्का पिन-अप किए गए हेयरस्टाइल से उनके झुमके साफ नजर आ रहे थे. मेकअप में सॉफ्ट ग्लैम टच था, जबकि सिंदूर और लाल बिंदी ने पारंपरिक लुक को उभारा.
उन्होंने इस परिधान के साथ Bespoke Ozels का गोल्डन एम्ब्रॉयर्ड हाफ-मून पोटली बैग कैरी किया. बैग पर कढ़ाई के साथ फ्रिंज और मोतियों की डिटेलिंग थी.
करवा चौथ से पहले अंशुला ने पति रोहन ठक्कर के लिए एक भावुक संदेश भी साझा किया. उन्होंने शादी के पलों को याद करते हुए लिखा कि रोहन शादी की भागदौड़, भावनाओं और खुशी के आंसुओं के दौरान उनके साथ रहे. अंशुला ने अपनी मां का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें लगता है, मां ने रोहन को उनकी जिंदगी में भेजकर सही फैसला किया था.
