भारतीय मूल की ब्रिटिश शेफ असमा खान ने ‘करी’ शब्द के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा है कि भारतीय व्यंजनों को उनके वास्तविक नामों से पुकारा जाना चाहिए. ट्रेवर नोआ के पॉडकास्ट ‘What Now? with Trevor Noah’ में बातचीत के दौरान खान ने कहा कि उन्होंने ‘करी’ शब्द इंग्लैंड जाने के बाद सुना था.

खान के मुताबिक, भारत में हर व्यंजन का अपना नाम, इतिहास और पकाने का तरीका होता है. उन्होंने कहा कि ‘करी’ किसी एक खास व्यंजन का नाम नहीं है, बल्कि यह अलग-अलग क्षेत्रीय पकवानों को एक सामान्य श्रेणी में रख देता है. उनके अनुसार, ऐसा करने से भारतीय भोजन की विविधता, पहचान और सांस्कृतिक परतें छिप जाती हैं.

बातचीत में जब नोआ ने ‘बटर चिकन करी’ और ‘विंदालू करी’ जैसे इस्तेमाल के बारे में पूछा, तो खान ने इसे गलत बताया. उन्होंने ‘जीरा आलू’ का उदाहरण देते हुए समझाया कि व्यंजन के नाम में ही उसके प्रमुख ingredients और पहचान का संकेत मिल सकता है.

खान ने अपने टीवी शो ‘Secrets of the Curry Kitchen’ का जिक्र करते हुए बताया कि वह शीर्षक से ‘करी’ शब्द हटाना चाहती थीं, लेकिन दर्शकों की समझ को देखते हुए इसे बनाए रखने पर सहमति बनी. उन्होंने कहा कि शो में हर एपिसोड के दौरान वह अलग-अलग व्यंजनों के सही नाम और उनकी विशिष्टता समझाती थीं.