फूलगोभी की सूखी सब्जी स्वाद में अलग होती है और इसे रोटी या पराठे के साथ आसानी से परोसा जा सकता है. बिहार में फूलगोभी को सुखाकर रखने और बाद में उससे मसालेदार सब्जी बनाने का तरीका प्रचलित है. घर में ताजी सब्जी न होने पर यह रेसिपी उपयोगी हो सकती है.
गोभी सुखौती के लिए सामग्री
इस सब्जी के लिए 1 कप सुखाकर रखी हुई फूलगोभी, 2 मध्यम आकार के आलू, 1 बारीक कटा प्याज और 1 बारीक कटा या पीसा हुआ टमाटर लें. इसके अलावा 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 कटी हुई हरी मिर्च, 2 बड़े चम्मच तेल, आधा छोटा चम्मच जीरा और एक चुटकी हींग चाहिए. स्वाद के अनुसार हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें. अंत में गरम मसाला और हरा धनिया इस्तेमाल किया जा सकता है.
बनाने का तरीका
सबसे पहले सूखी फूलगोभी को 3 से 5 मिनट तक पानी में उबालें. इसे गर्म पानी में भिगोकर भी साफ किया जा सकता है. इसके बाद गोभी को पानी से निकालकर अच्छी तरह निचोड़ लें.
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा व हींग डालें. हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और प्याज डालकर प्याज के सुनहरा होने तक भूनें. फिर टमाटर, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाले को तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न दिखाई देने लगे.
मसाला तैयार होने पर कटे हुए आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं. करीब 5 मिनट बाद उबली हुई फूलगोभी डालें और सभी सामग्री को मिला दें. कड़ाही ढककर धीमी आंच पर लगभग 10 मिनट पकाएं, ताकि आलू और गोभी अच्छी तरह नरम हो जाएं.
सब्जी तैयार होने पर ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालें. इसे गरमागरम रोटी या पराठे के साथ परोसें. दही, चटनी या अचार के साथ इसका स्वाद और बढ़ सकता है.
