घर पर चूरमा लड्डू बनाने के लिए आटे को तलने की जरूरत नहीं है. इस रेसिपी में गेहूं के आटे से रोटियां बनाकर उन्हें तवे पर अच्छी तरह सेंका जाता है और फिर पीसकर चूरमा तैयार किया जाता है.
सामग्री
इसके लिए 300 ग्राम गेहूं का आटा, 2 बड़े चम्मच सूजी, 2 बड़े चम्मच बेसन, 100 ग्राम बादाम, 70 ग्राम काजू, 100 ग्राम किशमिश, 50 ग्राम खसखस, 150 ग्राम सूखा नारियल, इलायची पाउडर, देसी घी, 200 ग्राम बारीक कटा गुड़ और 200 ग्राम मीठा मावा चाहिए.
आटा और ड्राई फ्रूट्स तैयार करें
एक बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी और बेसन छान लें. इसमें 60 से 70 मिलीलीटर देसी घी मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. आटे को करीब 10 मिनट ढककर रखें.
बादाम और काजू को छोटे टुकड़ों में काट लें. कड़ाही में एक चम्मच घी गर्म करके इन्हें मध्यम आंच पर 3 से 4 मिनट भूनें. इसके बाद खसखस और किशमिश डालें. कद्दूकस किए हुए सूखे नारियल को अलग से हल्का गर्म करके निकाल लें.
रोटियों से बनाएं चूरमा
आटे से बड़ी और थोड़ी पतली रोटियां बेलें. रोटियों में हल्के छेद कर उन्हें तवे पर दोनों तरफ से तब तक सेंकें, जब तक वे पापड़ जैसी कड़क न हो जाएं. ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें.
अब कड़ाही में थोड़ा घी डालें और बारीक कटे गुड़ व मावे को धीमी आंच पर गर्म करें. मिश्रण के एकसार होते ही गैस बंद कर दें.
ऐसे बांधें लड्डू
पिसे हुए आटे में भुने ड्राई फ्रूट्स, नारियल और इलायची पाउडर मिलाएं. इसमें गुनगुना गुड़-मावा मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण हल्का गर्म रहते ही हाथों से दबाकर मध्यम आकार के लड्डू बना लें.
तैयार लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में रखा जा सकता है.
