दिल्ली में कॉरपोरेट HR की नौकरी छोड़कर गोवा पहुंचीं अर्पिता साहू ने सोशल मीडिया पर नई जिंदगी शुरू करने के अपने अनुभव साझा किए हैं. उन्होंने बताया कि नौकरी छोड़ने और परिचित दिनचर्या से बाहर निकलने का फैसला बाहर से भले ही सपने जैसा लगे, लेकिन इसके साथ कई तरह की अनिश्चितताएं भी आती हैं.

अर्पिता ने MBA की पढ़ाई पूरी करने के बाद करीब साढ़े चार साल तक काम किया. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वह Cognizant और Info Edge India जैसी कंपनियों में HR प्रोफेशनल के तौर पर काम कर चुकी हैं. इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर गोवा में नए सिरे से जीवन शुरू करने का फैसला किया.

नई शुरुआत के साथ बढ़ी अनिश्चितता

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में अर्पिता ने दिल्ली से अपना सामान पैक कर गोवा जाने और वहां जीवन को नए तरीके से शुरू करने का अनुभव बताया. उनका उद्देश्य केवल घूमना या कुछ समय के लिए छुट्टी बिताना नहीं था. वह ऐसी जगह तलाशना चाहती थीं, जहां उन्हें अपनेपन का एहसास हो, नए लोगों से जुड़ने का मौका मिले और वह आगे की जिंदगी को लेकर स्पष्टता हासिल कर सकें.

गोवा पहुंचने के बाद उन्होंने एक वीडियो में कहा कि यह पहला सोमवार था, जब उन्हें ऑफिस नहीं जाना था, लेकिन इस बदलाव से उन्हें उत्साह के बजाय डर महसूस हुआ. उन्होंने अपने फैसले को लेकर सवाल उठने और यह चिंता होने की बात कही कि कहीं उन्होंने गलत निर्णय तो नहीं लिया.

नियमित आय खत्म होने की चिंता

अर्पिता के मुताबिक, नौकरी छोड़ने के बाद सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक आर्थिक सुरक्षा है. नियमित सैलरी नहीं मिलने पर उन्हें यह चिंता सताती है कि बैंक खाते में मौजूद रकम कितने समय तक चल पाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनके ऊपर अपने फैसले को सफल साबित करने का एक अनकहा दबाव है.

उन्होंने ध्यान भटकने की समस्या का भी जिक्र किया. उनके अनुसार, कुछ देखने बैठने पर वह बार-बार फोन उठाकर Instagram स्क्रॉल करने और फॉलोअर्स की संख्या देखने लगती हैं.

उनके पोस्ट पर कुछ यूजर्स ने उन्हें समय देने और धैर्य रखने की सलाह दी, जबकि कुछ ने नौकरी छोड़ने या नई जगह बसने के अपने अनुभव साझा किए. कई लोगों ने उनका हौसला भी बढ़ाया.