धारा शाह के लिए प्रसव का दिन उनकी जिंदगी का नया अध्याय होना था. लेकिन 27 घंटे की प्रसव पीड़ा के बाद सामने आए गंभीर चिकित्सकीय संकट ने उनका जीवन पूरी तरह बदल दिया. अपनी Instagram पोस्ट में शाह ने बताया कि बेटे माहिर को देखने के कुछ ही समय बाद वह बेहोश हो गईं और उनका दिल रुक गया. इसके बाद वह सात दिनों तक कोमा में रहीं.

शाह के मुताबिक, इलाज के दौरान दी गई दवाओं के बाद उनके हाथ-पैरों में गैंग्रीन हो गया. डॉक्टरों को उनके दोनों पैर और दाहिना हाथ काटना पड़ा. इस दौरान उनकी गर्भाशय और अंडाशय निकालने के लिए भी सर्जरी हुई. अस्पताल में करीब साढ़े चार महीने रहने के बाद वह घर लौट सकीं.

बेटे के साथ बिताए दस महीने

घर लौटने के बाद शाह ने पहली बार अपने बेटे को गोद में लिया. उन्होंने लिखा कि शारीरिक स्थिति बदल जाने के बावजूद वह माहिर के साथ रहते हुए अपनी मुस्कान बनाए रखने की कोशिश करती थीं. व्हीलचेयर पर रहते हुए नवजात की देखभाल करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उस समय बेटा ही उनकी उम्मीद का सबसे बड़ा सहारा था.

हालांकि, परिवार को बाद में पता चला कि माहिर को ऐसी आनुवंशिक बीमारी थी, जिसका कोई इलाज नहीं था. उसकी सेहत लगातार बिगड़ती गई और दस महीने बाद उसकी मौत हो गई. शाह ने कहा कि बेटे को खोने के बाद वह खुद भी पूरी तरह टूट गई थीं. कई महीनों तक उन्हें माहिर की मौजूदगी, आवाज और यादें हर जगह महसूस होती रहीं.

व्हीलचेयर से 5K तक का सफर

शाह ने बताया कि बेटे के संघर्ष को याद कर उन्होंने खुद भी आगे बढ़ने का फैसला किया. उन्होंने रोजमर्रा के काम व्हीलचेयर से करने से शुरुआत की, फिर वॉकर का सहारा लिया और धीरे-धीरे अपने पैरों पर खड़ा होना सीखा. इस दौरान उनके पति ने उन्हें लगातार हिम्मत दी.

बाद में शाह ने अपनी पहली 5K दौड़ पूरी की और इसे माहिर को समर्पित किया. उनके लिए यह केवल शारीरिक उपलब्धि नहीं थी, बल्कि अस्पताल, पुनर्वास और गहरे दुख से निकलकर जीवन की ओर लौटने का प्रतीक भी थी. शाह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिंदगी ने उनसे बहुत कुछ छीन लिया, लेकिन माहिर ने उन्हें सिखाया कि मुश्किल हालात में भी लड़ते रहना चाहिए.