दिवाली की पार्टी के लिए अगर आप सामान्य तले हुए स्नैक्स से अलग कुछ बनाना चाहते हैं, तो पनीर और हंग कर्ड से तैयार यह बेक्ड स्नैक विकल्प हो सकता है. इसकी फिलिंग क्रीमी रहती है, जबकि फिलो शीट बेक होने के बाद कुरकुरी हो जाती है.
फिलिंग के लिए एक कप हंग कर्ड, आधा कप क्रम्बल किया हुआ पनीर, दो बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ चीज, चिली फ्लेक्स, गार्लिक ग्रैन्यूल्स, नमक, एक चुटकी इलायची पाउडर, दो बड़े चम्मच कटी हुई पुदीना पत्तियां और कटा हुआ प्याज मिलाएं.
फिलो शीट पर हल्का पिघला हुआ मक्खन लगाकर उसके ऊपर दूसरी शीट रखें. इसी तरह परतें तैयार करने के बाद एक किनारे पर फिलिंग रखें और शीट को कसकर रोल कर लें. रोल को छोटे टुकड़ों में काटकर ग्रीस किए हुए मफिन ट्रे में रखें.
पहले से गरम ओवन में इन्हें 180 डिग्री सेल्सियस पर 15 से 20 मिनट तक बेक करें, जब तक स्नैक कुरकुरा और सुनहरा न हो जाए. ऊपर से काले तिल और धनिया डालकर इसे गर्मागर्म मीठी चटनी के साथ परोसा जा सकता है.
