इडली और डोसा बनाने से पहले बैटर का ठीक तरह से फर्मेंट होना जरूरी है. बैटर पर्याप्त न फर्मेंट हो तो इडली में मनचाहा फूलापन नहीं आता और डोसा भी सही तरह क्रिस्पी नहीं बनता. ठंडे मौसम में यह प्रक्रिया और धीमी हो सकती है.

शेफ पंकज भदौरिया ने बैटर को जल्दी फर्मेंट करने के लिए एक आसान घरेलू तरीका साझा किया है. इसके लिए तैयार इडली-डोसा बैटर में एक साबुत हरी मिर्च डालने की सलाह दी गई है. खास बात यह है कि हरी मिर्च का डंठल काटना नहीं है.

कैसे आजमाएं यह तरीका

बैटर तैयार होने के बाद उसमें डंठल लगी एक पूरी हरी मिर्च डालें. इसके बाद बर्तन को ढककर किसी गर्म जगह पर रख दें. बैटर को बार-बार खोलकर देखने या चलाने के बजाय कुछ समय तक बिना छेड़े छोड़ने की सलाह दी गई है.

पंकज भदौरिया के मुताबिक, हरी मिर्च के डंठल के आसपास मौजूद प्राकृतिक लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया और यीस्ट फर्मेंटेशन की प्रक्रिया को सपोर्ट कर सकते हैं. हालांकि यह तरीका हर रसोई और हर मौसम में एक जैसा परिणाम दे, यह जरूरी नहीं है. बैटर के फर्मेंट होने पर तापमान, उसकी गाढ़ापन और इस्तेमाल की गई दाल-चावल का अनुपात भी असर डालता है.

जब बैटर फूलने लगे और उसमें हल्के बुलबुले दिखाई दें, तो इसे फर्मेंट हुआ माना जा सकता है. इसके बाद हरी मिर्च निकालकर बैटर से इडली या डोसा बनाया जा सकता है. हरी मिर्च डालने के बावजूद बैटर के स्वाद में बदलाव की संभावना से बचने के लिए इसे पकाने से पहले निकाल देना चाहिए.