पुदीना चटनी, रायते, सलाद, हर्बल चाय और स्नैक्स का स्वाद बढ़ाता है. घर में इसका पौधा हो तो हर बार बाजार से पुदीना खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खास बात यह है कि इसके लिए बीज या नर्सरी से पौधा लाना जरूरी नहीं है. बाजार से खरीदी गई एक ताजी और मजबूत डंठल से नया पौधा तैयार किया जा सकता है.
पानी में तैयार करें जड़ें
सबसे पहले ऐसी हरी डंठल चुनें जिस पर दाग, सड़न या कीड़े न लगे हों. करीब 10 से 15 सेंटीमीटर लंबी डंठल इस काम के लिए ली जा सकती है. इसे एक गिलास पानी में रखें. लगभग 7 से 10 दिन में डंठल पर छोटी सफेद जड़ें दिखाई देने लग सकती हैं. जड़ें निकलने के बाद इसे गमले में लगाने का समय है.
गमले और मिट्टी का रखें ध्यान
पुदीना तेजी से फैलने वाला पौधा है, इसलिए इसे गमले में उगाना सुविधाजनक रहता है. 8 से 12 इंच गहरा ऐसा गमला लें, जिसके नीचे पानी निकलने के लिए छेद हों. पानी जमा रहने पर जड़ें सड़ सकती हैं.
मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन अतिरिक्त पानी निकलना भी जरूरी है. इसके लिए 40 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी, 40 प्रतिशत गोबर की खाद या कंपोस्ट और 20 प्रतिशत कोकोपीट या रेत मिलाई जा सकती है. जड़ वाली डंठल को इस मिश्रण में लगाकर मिट्टी को हल्का नम रखें.
धूप और पानी का संतुलन
पौधे को रोजाना सुबह की 3 से 6 घंटे हल्की धूप मिलना पर्याप्त हो सकता है. इसके बाद इसे हल्की छांव वाली जगह पर रखना बेहतर है. बहुत कम रोशनी में पौधा कमजोर हो सकता है, जबकि तेज धूप पत्तियों को नुकसान पहुंचा सकती है.
ऊपर की मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें. मिट्टी में लगातार पानी जमा न रहने दें. नमी बनाए रखने के लिए ऊपर सूखी पत्तियों या घास की हल्की परत बिछाई जा सकती है.
पौधे को घना रखने का तरीका
पुदीने की नई ऊपरी टहनियों की समय-समय पर हल्की कटाई करने से पौधा घना रह सकता है. फूल आने लगें तो उन्हें हटा दें, ताकि पौधे का पोषण नई पत्तियों और शाखाओं के विकास में लगे. पौधा बढ़ने पर साफ कैंची से पत्तियों वाली डंठल को लीफ नोड के थोड़ा ऊपर से काटें.
