हैदराबाद की एक आईटी कंपनी से जुड़ा एक मामला सोशल मीडिया पर work-life balance को लेकर बहस का कारण बन गया है. करीब पांच महीने पहले कंपनी में फुल टाइम कर्मचारी के तौर पर शामिल हुए एक व्यक्ति ने रेडिट पर अपने सीनियर के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट साझा किए. पोस्ट में कर्मचारी ने दावा किया कि लंबे समय तक काम करने और वीकेंड पर भी प्रोजेक्ट संभालने के बावजूद उसे रात में लॉगआउट करने पर फटकार सुननी पड़ी.
कर्मचारी के मुताबिक, प्रोजेक्ट में कुछ दिन पहले एक बड़ी तकनीकी समस्या आई थी. इसे ठीक करने के लिए उसने शनिवार, रविवार और सोमवार को देर रात तक काम किया. उसका कहना था कि इस दौरान उसने अपने सीनियर के साथ मिलकर मुख्य समस्या सुलझा ली थी. इसके बाद प्रोजेक्ट में केवल एक छोटी समस्या बची थी, जिसे अगले दिन ठीक किया जा सकता था.
रात 10:30 बजे किया लॉगआउट
रेडिट पोस्ट के अनुसार, कर्मचारी सुबह करीब 10 बजे से काम कर रहा था और रात लगभग 10:30 बजे लॉगआउट हुआ. उसने बताया कि क्लाइंट की ओर से आए जरूरी काम पूरे किए जा चुके थे. लॉगआउट के कुछ समय बाद क्लाइंट की तरफ से एक छोटी समस्या का संदेश आया, लेकिन कर्मचारी उस समय काम खत्म कर चुका था. इसी बात पर उसके सीनियर ने नाराजगी जताई और कहा कि उसे कर्मचारी से ऐसी उम्मीद नहीं थी.
कर्मचारी ने जवाब में कहा कि वह हर समय काम के लिए उपलब्ध नहीं रह सकता. उसके अनुसार, खाने, नहाने और सोने के अलावा शारीरिक और मानसिक सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है. उसने यह भी कहा कि वह पहले जरूरत पड़ने पर अपनी निजी जिंदगी पीछे रखकर काम कर चुका है और समस्या सुलझाने के लिए पूरे वीकेंड तथा देर रात तक काम किया है.
पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कुछ यूजर्स ने कर्मचारी का समर्थन किया. उनका कहना था कि नौकरी किसी व्यक्ति की सेहत और निजी जिंदगी से ऊपर नहीं होनी चाहिए. वहीं, कुछ लोगों ने सलाह दी कि नाराजगी में सीनियर को संदेश भेजने के बजाय शांत होकर आमने-सामने बातचीत करनी चाहिए. कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि गुस्से में लिखा संदेश पहले अलग रखकर बाद में पेशेवर भाषा में भेजना बेहतर होता है. उपलब्ध जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट और उसमें साझा किए गए दावों पर आधारित है.
