बुखार, खांसी, गले में खराश या सर्दी-जुकाम होने पर कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेना शुरू कर देते हैं. कुछ लोग पुरानी पर्ची देखकर दवा लेते हैं, जबकि कुछ मेडिकल स्टोर से खुद ही एंटीबायोटिक खरीद लेते हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसा करना नुकसानदेह हो सकता है.
18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है. इस दौरान डॉक्टर लोगों को बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने से बचने की सलाह दे रहे हैं. एंटीबायोटिक दवाएं बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होती हैं, जबकि सर्दी-जुकाम, फ्लू और गले में खराश के कई मामले वायरल संक्रमण के कारण होते हैं. ऐसे मामलों में एंटीबायोटिक का प्रभाव सीमित या नहीं के बराबर हो सकता है.
बिना जरूरत इन दवाओं के इस्तेमाल से कुछ लोगों में गंभीर एलर्जी जैसी समस्या हो सकती है. लंबे समय तक या गलत तरीके से एंटीबायोटिक लेने पर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस बढ़ सकता है. इसका अर्थ है कि बैक्टीरिया उन दवाओं के खिलाफ प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं, जो पहले उन्हें खत्म करने में प्रभावी थीं.
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग से जुड़े डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, इस स्थिति में संक्रमण का इलाज मुश्किल हो सकता है और कभी-कभी दूसरी, महंगी एंटीबायोटिक की जरूरत पड़ती है. इससे इलाज का खर्च भी बढ़ सकता है.
एंटीबायोटिक कब लें
बुखार, खांसी या गले में दर्द होने पर खुद से एंटीबायोटिक शुरू नहीं करनी चाहिए. डॉक्टर जरूरत पड़ने पर जांच के आधार पर तय करते हैं कि संक्रमण बैक्टीरिया से हुआ है या वायरस से. अगर डॉक्टर एंटीबायोटिक लिखते हैं, तो निर्धारित खुराक और अवधि का पालन करना चाहिए.
