फ्रांस की योग प्रशिक्षक रॉक्सेन ने भारत में बिताए समय के बाद रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी 11 ऐसी बातें साझा की हैं, जिन्हें वह यूरोप में भी अपनाए जाने लायक मानती हैं. भारत आने का उनका उद्देश्य योग अभ्यास को गहरा करना और प्रमाणन पूरा करना था. इस दौरान उन्होंने कलरिपयट्टु, यानी भारतीय मार्शल आर्ट, का भी अभ्यास किया.
यूरोप लौटने के बाद रॉक्सेन को महसूस हुआ कि भारत की कई छोटी-छोटी आदतें उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी थीं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर साझा वीडियो में कहा कि वह यह नहीं कह रहीं कि भारत परिपूर्ण है या कोई एक संस्कृति दूसरी से बेहतर है. उनके मुताबिक, यह सिर्फ उन अनुभवों की सूची है, जिन्हें उन्होंने भारत में महसूस किया और वापस लौटकर याद किया.
अपनापन और आध्यात्मिकता
रॉक्सेन के अनुसार, भारत में परिवार, पड़ोसी, दोस्त और कभी-कभी अनजान लोग भी आसपास मौजूद रहते हैं. इसके उलट, यूरोप में स्वतंत्र होकर सब कुछ खुद करने की आदत कभी-कभी अलगाव का एहसास दे सकती है. उन्होंने रोजमर्रा की जिंदगी में आध्यात्मिकता और भक्ति की सहज मौजूदगी को भी खास बताया.
उन्हें बाहर बैठकर लोगों को बातचीत करते, चाय पीते और आसपास की जिंदगी को देखते रहना भी पसंद आया. उनके अनुसार, हर समय किसी उत्पादक काम में व्यस्त रहना जरूरी नहीं है. किसी के हालचाल पूछने के बजाय यह पूछना कि उसने खाना खाया या नहीं, उन्हें देखभाल जताने का आत्मीय तरीका लगा.
भोजन, रंग और चाय का असर
भारत के भोजन की विविधता ने भी रॉक्सेन को प्रभावित किया. उन्होंने चावल, दाल, दही, पनीर, डोसा, सब्जियों, नारियल और अलग-अलग स्वादों का जिक्र किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत में उनका पाचन सबसे अच्छा रहा.
उन्होंने यूरोप के कपड़ों और इंटीरियर में अधिक रंग शामिल करने की बात कही. चमकीले कपड़े, आभूषण, फूल, साड़ियां और चूड़ियां रोजमर्रा के माहौल में जीवंतता ला सकती हैं, ऐसा उनका मानना है. अनजान लोगों की सहज मुस्कान और अपेक्षाकृत सीधे संवाद को भी उन्होंने सराहा.
सूची में चाय का जिक्र दोबारा आया. रॉक्सेन के लिए चाय सिर्फ पेय नहीं, बल्कि रुकने, बैठने और किसी के साथ कुछ समय बिताने का बहाना भी है. उनकी आखिरी बात पानी से सफाई की भारतीय आदत को लेकर थी, जिसे उन्होंने केवल टॉयलेट पेपर पर निर्भर रहने के बजाय अपनाने योग्य बताया. उनके वीडियो पर कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने अपने भारत अनुभवों से सहमति जताई.
