सोशल मीडिया की भाषा में ‘मेन कैरेक्टर मोमेंट’ ऐसे पलों को कहा जाता है, जब व्यक्ति अपनी जिंदगी को किसी फिल्म की तरह महसूस करता है और खुद को अपनी कहानी का मुख्य किरदार मानता है. यह चलन Gen Z के बीच लोकप्रिय है, लेकिन इसे कोई भी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल कर सकता है. इसके लिए जिंदगी का पूरी तरह परफेक्ट होना जरूरी नहीं है.
अपनी पसंद को दें महत्व
किसी पार्टी या खास मौके का इंतजार किए बिना अपनी पसंद के कपड़े पहनें और तैयार हों. खुद के लिए थोड़ा सजना-संवरना आत्मविश्वास और अच्छे मूड का एहसास दे सकता है. इसी तरह, ऐसी प्लेलिस्ट तैयार करें जिसमें वे गाने हों जिन्हें सुनकर आपका मूड बेहतर होता है. सुबह तैयार होते समय या सफर के दौरान इन्हें सुनना दिनचर्या को खास बना सकता है.
हर बार बाहर जाने के लिए किसी साथी का इंतजार करना भी जरूरी नहीं है. कभी अकेले कैफे जाकर कॉफी पिएं या किसी नई जगह पर घूमें. इससे अपने साथ समय बिताने की आदत बन सकती है.
सुबह की धूप, बारिश, आसमान का रंग या पसंदीदा खाना जैसी छोटी खुशियों को तस्वीरों में सहेजकर फोटो डायरी बनाई जा सकती है. इसके अलावा नया शौक सीखना, डांस क्लास जॉइन करना या नई जगह घूमना रोजमर्रा में नए अनुभव जोड़ सकता है.
दूसरों की सोशल मीडिया पोस्ट से अपनी जिंदगी की तुलना करने के बजाय अपनी गति और उपलब्धियों पर ध्यान देना बेहतर है. अपनी पसंद, खुशियों और अनुभवों को महत्व देना ही ‘मेन कैरेक्टर’ अंदाज का मूल विचार है.
