आज की तेज रफ्तार जिंदगी में Gen Z के कई युवाओं के लिए कुछ देर खाली बैठना या आराम करना आसान नहीं रह गया है. नौकरी, पढ़ाई और करियर से जुड़ी जिम्मेदारियों के बीच उन्हें लगता है कि हर समय कुछ न कुछ उपयोगी करते रहना चाहिए. आराम करते हुए समय बर्बाद होने का एहसास ‘प्रोडक्टिविटी गिल्ट’ कहलाता है.

सोशल मीडिया पर दूसरों की पढ़ाई, नौकरी, फिटनेस और नई उपलब्धियां देखने से यह दबाव और बढ़ सकता है. ऐसे में ऑफिस या पढ़ाई के बाद फिल्म देखने, लेटने या बिना किसी खास काम के समय बिताने पर भी कुछ युवा खुद को दूसरों से पीछे महसूस करने लगते हैं.

शोध में क्या सामने आया

सितंबर-अक्टूबर 2025 में Journal of College Student Development में प्रकाशित एक शोध में 280 कॉलेज छात्रों को शामिल किया गया. शोध के अनुसार, छात्र आराम को पढ़ाई और काम के लिए जरूरी मानते हैं, लेकिन काम रोककर आराम करने पर उन्हें अपराधबोध महसूस हो सकता है. अधूरे काम की चिंता और पढ़ाई, नौकरी व अन्य जिम्मेदारियां भी ब्रेक लेने में बाधा बनती हैं.

कई छात्रों को आराम की जरूरत का एहसास तब होता है, जब थकान, सिरदर्द या आंखों से जुड़ी परेशानी सामने आने लगती है.

हर समय व्यस्त रहना सफलता की गारंटी नहीं है. शरीर और दिमाग को पर्याप्त आराम देना भी जरूरी है. कुछ समय बिना किसी लक्ष्य के बिताना हमेशा समय की बर्बादी नहीं होता; यह अपनी जरूरतों पर ध्यान देने का हिस्सा हो सकता है.