कर्नाटक की थट्टे इडली अपनी बड़ी, चपटी और बेहद नरम बनावट के लिए पहचानी जाती है. इसका नाम कन्नड़ शब्द ‘थट्टे’ से जुड़ा है, जिसका अर्थ प्लेट होता है. सामान्य इडली के सांचे के बजाय इसे प्लेट जैसी थाली में भाप देकर पकाया जाता है. घर पर इसे बनाने के लिए बैटर की सही बनावट और फर्मेंटेशन सबसे महत्वपूर्ण हैं.
सामग्री और भिगोने का तरीका
2 कप इडली चावल या डोसा चावल-सोना मसूरी को पानी में करीब 5 घंटे भिगोएं. अलग बर्तन में 1 कप उड़द दाल को लगभग 3 घंटे भिगोएं. चावल और दाल को अलग-अलग भिगोने से दोनों की बनावट के अनुसार उन्हें पीसना आसान होता है.
पानी निकालकर पहले उड़द दाल को थोड़े-थोड़े पानी के साथ पीसें. इसका पेस्ट चिकना और हल्का फूला हुआ होना चाहिए. इसके बाद चावल को तीन-चौथाई कप धुले हुए पतले पोहे के साथ पीसें. चावल का पेस्ट पूरी तरह चिकना न करें; हल्का दरदरा texture इडली को हल्की और पोर्स वाली बनावट देने में मदद करता है.
फर्मेंटेशन और भाप में पकाना
चावल और दाल के पेस्ट को मिलाकर ढक दें और गर्म जगह पर 8 से 10 घंटे के लिए रखें. बैटर फूलकर लगभग दोगुना हो जाए और उसमें छोटे बुलबुले दिखाई दें, तो यह तैयार है. इसमें डेढ़ चम्मच नमक डालें और धीरे से मिलाएं, ताकि बैटर की हवा कम न हो. बैटर गाढ़ा लेकिन आसानी से डालने योग्य होना चाहिए.
थट्टे इडली की प्लेटों पर तेल या देसी घी लगाकर बैटर समान रूप से डालें. प्लेटों को स्टीमर में रखकर मध्यम आंच पर करीब 20 मिनट पकाएं. टूथपिक साफ निकलने पर इडली तैयार है. इसे नारियल की चटनी के साथ परोसें या ऊपर से देसी घी और इडली पोडी डालें.
