झारखंड के गुमला जिले के बोरांग गांव की आदिवासी किसान फूल कुमारी ने 2018 में 100 चूजों से पोल्ट्री पालन शुरू किया था. उस समय उनका परिवार मुख्य रूप से बारिश पर निर्भर पारंपरिक खेती पर निर्भर था और सालाना करीब ₹50,000 से ₹60,000 की आय में घर का खर्च और दो बच्चों की पढ़ाई संभालना मुश्किल होता था.

2025-26 तक फूल कुमारी के पोल्ट्री कारोबार से ₹2,23,400 का शुद्ध वार्षिक लाभ हुआ. इस कारोबार में वयस्क पक्षियों, चूजों और अंडों की बिक्री शामिल है. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अनुसार, इस अवधि में कारोबार की सकल आय ₹4,48,400 रही, जबकि इनपुट लागत ₹2,25,000 थी.

प्रशिक्षण से कारोबार का विस्तार

फूल कुमारी का कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), गुमला से जुड़ाव 2016 में हुआ. वहां कृषि वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत के दौरान उन्हें खेती के साथ वैकल्पिक आय के साधनों की जानकारी मिली. 2018 में Tribal Sub-Plan के तहत प्रशिक्षण और सहायता मिलने के बाद उन्होंने पोल्ट्री पालन शुरू किया. KVK ने उन्हें Divyayan Red नस्ल के 100 चूजे दिए.

उन्होंने स्थानीय संसाधनों से पोल्ट्री इकाई तैयार की और बेहतर आवास, पोषण, साफ पानी तथा रोग-रोकथाम से जुड़े तरीके अपनाए. ICAR के अनुसार, पक्षियों का औसत वजन करीब तीन महीने में 1.5 किलोग्राम तक पहुंचा और लगभग 22 सप्ताह में अंडे मिलना शुरू हुए.

बाद में KVK ने उनके स्वयं सहायता समूह को हैचरी मशीन और 112 अंडे उपलब्ध कराए. इससे फूल कुमारी ने केवल बड़े पक्षी बेचने के बजाय चूजे तैयार कर उनकी बिक्री भी शुरू की. 2025-26 में उन्होंने करीब 1,000 वयस्क पक्षी, 960 चूजे और 1,000 अंडे बेचे.

30 महिलाओं ने अपनाया तरीका

बढ़ी हुई आय से परिवार ने एक ऑटोरिक्शा खरीदा, जिसे उनके पति जगदीश ओरांव चलाते हैं. इससे घर की आय का एक और साधन बना और रोजमर्रा के खर्च तथा बच्चों की शिक्षा में मदद मिली.

फूल कुमारी के काम से बोरांग गांव की करीब 30 आदिवासी महिलाएं भी प्रभावित हुईं. ICAR के अनुसार, इन महिलाओं ने बेहतर तरीके से backyard poultry farming शुरू की. कुछ महिलाएं फूल कुमारी की इकाई से अंडे खरीदकर Sonali और Divyayan Red जैसी नस्लों का पालन कर रही हैं और इससे सालाना ₹35,000 से ₹45,000 तक अतिरिक्त आय कमा रही हैं.