गुरुग्राम के एक व्यक्ति की सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की ऑफिस फूड रूटीन सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वीडियो में उन्होंने दिनभर खाए जाने वाले भोजन और स्नैक्स का समयवार विवरण साझा किया है.
दिन की शुरुआत सुबह 9 बजे पनीर पराठे, दाल और चाय या कॉफी से होती है. इसके बाद 10 बजे मैकरोनी और 11 बजे काला चना खाते हैं. दोपहर 12 बजे वह संतरे, सेब और अंगूर जैसे फल लेते हैं.
रूटीन में 12:30 बजे एप्पल साइडर विनेगर और 1 बजे सप्लीमेंट्स भी शामिल हैं. दोपहर 1:30 बजे के लंच में चावल, दाल, खीरा, नमकीन और एक मीठी डिश दिखाई देती है.
खाने का सिलसिला इसके बाद भी जारी रहता है. वह 2:30 बजे गोलगप्पे, 3:30 बजे ग्रीन टी और 4:30 बजे चाय के साथ समोसे खाते हैं.
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कई यूजर्स ने मजाक किया कि वह लंच ब्रेक नहीं लेते, बल्कि काम के बीच खाने के ब्रेक लेते हैं. कुछ लोगों ने पूछा कि इतनी चीजें तैयार या व्यवस्थित करने के लिए उन्हें कितना समय लगता है.
