उद्योगपति हरीश गोयनका ने सोशल मीडिया पर गर्म रेत में आलू पकाने का एक वीडियो साझा किया है. इस पारंपरिक विधि ने लोगों का ध्यान खींचा और कई यूजर्स ने इसे बचपन की यादों से जोड़ा. गोयनका ने वीडियो के साथ लिखा, “Potatoes baked in sand….. looks yummy!”
इस तरीके को भुना आलू या ‘आलू इन बालू’ कहा जाता है. इसमें बिना छिले साबुत आलू गर्म रेत से भरे बड़े बर्तन में रखे जाते हैं. रेत की सूखी गर्मी से आलू अंदर तक पकते हैं, जबकि उनके छिलके पर हल्की परत और भुनापन आ जाता है.
पकने के बाद आलू को रेत से निकालकर साफ किया जाता है और टुकड़ों में काटा जाता है. इसके बाद इसमें चाट मसाला, नींबू का रस और धनिया की चटनी मिलाई जाती है.
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग क्षेत्रीय आलू व्यंजनों का भी जिक्र किया. कुछ लोगों ने उत्तर प्रदेश का आलू चोखा, असम का आलू पिठिका और जयपुर की स्थानीय शैली आजमाने की सलाह दी. कई प्रतिक्रियाओं में रेत में भुने आलू को देसी स्वाद और बचपन की यादों से जोड़ा गया.
