अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हेमंत नागिनदास मोदी को करीब 12 साल बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मोदी 2014 में 30 दिन की पैरोल मिलने के बाद मेहसाणा जेल वापस नहीं लौटा था. उसे 25 जुलाई 2014 को पैरोल जंपर घोषित किया गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोदी को 21 मई 2026 को अहमदाबाद के घीकांटा मेट्रो स्टेशन के पास एक घर से पकड़ा गया. पुलिस को उसके अहमदाबाद लौटने की सूचना मिली थी. गिरफ्तारी के बाद उसे दोबारा मेहसाणा जिला जेल भेज दिया गया, जहां उसे अपनी उम्रकैद की बाकी सजा काटनी है.

थिएटर से बनाई नई पहचान

पुलिस के मुताबिक, अहमदाबाद के नरोदा का रहने वाला मोदी पहले शौकिया थिएटर से जुड़ा था और उसने कानून की पढ़ाई की थी. पैरोल के बाद वह उत्तर गुजरात के पाटन और आसपास के इलाकों में थिएटर गतिविधियों से जुड़ा. इसके बाद उसने गुजराती मनोरंजन उद्योग और फिर मुंबई के फिल्म-टीवी क्षेत्र में काम करना शुरू किया.

जांच अधिकारियों का दावा है कि मोदी ने अलग-अलग समय पर कई नामों का इस्तेमाल किया. इनमें ‘स्पंदन मोदी’, ‘स्पंदन जोशी’, ‘स्पंदन व्यास’, ‘हेमंग मोदी’ और ‘हेमंग व्यास’ जैसे नाम शामिल बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, वह अपना हुलिया भी बदलता रहा. शुरुआती वर्षों में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने के कारण उसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से ट्रैक करना मुश्किल रहा.

फिल्मों और धारावाहिकों में काम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोदी ने गुजराती धारावाहिकों ‘एक डाल ना पांखी’, ‘वार्ता रे वार्ता’ और ‘मोटी बा नी नानी वधू’ में काम किया. उसके हिंदी टीवी कार्यक्रमों में ‘वागले की दुनिया’ और ‘मेरे साईं’ का नाम भी सामने आया है.

पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ और ‘जयेशभाई जोरदार’ जैसी फिल्मों में भी नजर आया था. इन फिल्मों में क्रमशः अमिताभ बच्चन-आमिर खान और रणवीर सिंह प्रमुख भूमिकाओं में थे. उसके अन्य कामों में मलयालम फिल्म ‘L2: Empuraan’, वेब सीरीज ‘Taskaree’ और कुछ अन्य फिल्मों के नाम भी बताए गए हैं.

पुलिस का कहना है कि अलग-अलग पहचान, शहर बदलने और थिएटर व प्रोडक्शन नेटवर्क में सक्रिय रहने से मोदी लंबे समय तक पहचान से बचा रहा. उसकी गिरफ्तारी के साथ पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज फरारी और मनोरंजन जगत में उसके काम—दोनों पहलू एक ही मामले से जुड़ गए हैं.